हल्द्वानी: मूसलधार बारिश से शहर जलमग्न, जनजीवन अस्त-व्यस्त

हल्द्वानी: मूसलधार बारिश से शहर जलमग्न, जनजीवन अस्त-व्यस्त

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में देर रात से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने पूरे शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा पहले ही रेड अलर्ट जारी किया गया था, जिसके बाद शनिवार देर रात से शुरू हुई भारी बारिश ने शहर को पूरी तरह जलमग्न कर दिया।

शहर के कई मोहल्लों और मुख्य बाजार क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हीरानगर क्षेत्र में तो हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहाँ दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी से लबालब सड़कों पर रेंगते हुए दिखाई दिए। निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान का अंदेशा है।

बरसात के चलते आसपास के नदी-नाले भी उफान पर हैं, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश से आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है।

प्रशासन ने हालात से निपटने के लिए नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है। निगम की टीमें जल निकासी के कार्य में जुटी हुई हैं, वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी है।