चौखुटिया ब्लॉक मुख्यालय में क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथग्रहण समारोह

चौखुटिया ब्लॉक मुख्यालय में क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथग्रहण समारोह

रिपोर्टर : संजय जोशी

स्थान : रानीखेत

चौखुटिया ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी आनंद गोस्वामी ने ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख जीतेन्द्र बंगारी, कनिष्ठ प्रमुख सुप्रिया सहित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथग्रहण समारोह में क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी ने कहा कि वह केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को विकास कार्यों का पूरा लाभ दिलाने के लिए पंचायत निरंतर कार्यरत रहेगी।

समारोह में ब्लॉक प्रमुख को बधाई देने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, मंडल अध्यक्ष मुकेश पांडे, मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट, भाजपा नेता पूरन संगेला सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर बीडीओ ममता कार्की सहित कई अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। शपथग्रहण कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।