

रिपोर्ट: सचिन कुमार

देहरादून
अब बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद पाने के लिए धाम तक पहुंचने की आवश्यकता नहीं होगी। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने भारतीय डाक विभाग के सहयोग से श्रद्धालुओं को स्पीड पोस्ट के जरिए प्रसाद भेजने की सेवा शुरू कर दी है।




देहरादून डाक सेवा के निदेशक अनुसूया प्रसाद चमोला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सेवा की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। मंदिर समिति और डाक विभाग के बीच हुए करार के अनुसार, अब देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं को भी घर बैठे प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था खासकर उन भक्तों के लिए राहत की बात है, जो किसी कारणवश स्वयं धाम तक नहीं पहुंच पाते।



उन्होंने बताया कि सेवा के पहले ही दिन 42 श्रद्धालुओं को प्रसाद भेजा गया है। आने वाले समय में इस प्रक्रिया को और विस्तार दिया जाएगा,


ताकि अधिक से अधिक भक्त इसका लाभ उठा सकें। प्रसाद को सुरक्षित पैक कर विशेष व्यवस्था के साथ भेजा जाएगा, जिससे यह श्रद्धालुओं तक उसी पवित्रता और सहेज के साथ पहुंचे जैसा मंदिर परिसर में होता है।


मंदिर समिति का मानना है कि यह पहल न केवल परंपरा से जुड़े रहने का अवसर देगी बल्कि देश-विदेश में बसे भक्तों को भी आध्यात्मिक संतोष प्रदान करेगी। प्रसाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से समिति में पंजीकरण करवा सकते हैं।



