विकास योजनाओं और उद्योग निवेश पर दिल्ली में करेंगे चर्चा सीएम धामी

विकास योजनाओं और उद्योग निवेश पर दिल्ली में करेंगे चर्चा सीएम धामी

देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शाम दिल्ली रवाना होंगे। सीएम धामी के इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में कयासबाज़ी तेज हो गई थी, लेकिन उन्होंने साफ किया है कि यह यात्रा पूरी तरह तय कार्यक्रमों के अनुसार है।

मुख्यमंत्री धामी शाम 5 बजे नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास पहुंचेंगे। इस दौरान वे वहां मौजूद प्रदेशवासियों और अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। अगले दिन 30 अगस्त को उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा।

वे राज्य से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं और अधूरी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने और उन्हें आगे बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से बैठक करेंगे। इसमें विशेष रूप से बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा परियोजनाओं को लेकर वार्ता होने की संभावना है।

धामी सरकार निवेश आकर्षित करने और नई औद्योगिक नीतियों पर लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में 31 अगस्त की सुबह 9:55 बजे मुख्यमंत्री धामी भारत मण्डपम, नई दिल्ली में आयोजित भारत ग्लोबल इंडस्ट्रीज फोरम (BGIF) कॉन्क्लेव-2025 में शामिल होंगे। इस वैश्विक मंच पर वे उत्तराखंड को निवेश की नई संभावनाओं वाले राज्य के रूप में प्रस्तुत करेंगे। माना जा रहा है कि कॉन्क्लेव में उद्योगपतियों और विदेशी निवेशकों के बीच राज्य की छवि को और मजबूत करने का यह बड़ा अवसर होगा।

सीएम धामी ने प्रस्थान से पूर्व कहा कि उत्तराखंड सरकार लगातार युवाओं के लिए रोजगार सृजन, राज्य में उद्योगों के विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। दिल्ली दौरे से लौटने के बाद वे इन बैठकों और चर्चाओं से जुड़े नतीजों को राज्य में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।