

लोकेशन,,, पाणा (निजमुला)

रिपोर्ट,, संजय कुंवर,चमोली

दशौली प्रखंड के सबसे दूरस्थ ब्रिटिशकालीन गांवों निजमुला घाटी के पाना, ईरानी और झींझी को जोड़ने वाला एकमात्र प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) मोटर मार्ग महीनों से बाधित पड़ा है। किलोमीटर 16 पर भेलतना में भूस्खलन से मार्ग बंद होने के साथ ही झींझी पुल बाईपास और आगे की पूरी सड़क भी अवरुद्ध है।




इससे क्षेत्र के ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या और जीवन बेहद प्रभावित हो गया है। जरूरी सामान की आपूर्ति से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।



ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में वे बारिश से खतरनाक बने पैदल संपर्क मार्गों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन इन मार्गों पर भूस्खलन और बोल्डरों के गिरने का खतरा हर समय बना रहता है। उफनते नालों और टूटे रास्तों से गुजरना ग्रामीणों के लिए जान हथेली पर रखकर सफर करने जैसा हो गया है।



स्थानीय जनप्रतिनिधि मोहन नेगी ने बताया कि सड़क और पैदल मार्ग दोनों के अवरुद्ध होने से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। वहीं जिन ग्रामीणों को मजबूरी में जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, उन्हें बेहद जोखिम उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर कब यह बरसात थमेगी और कब तक सड़क और संपर्क मार्ग दुरुस्त किए जाएंगे। इस समय पूरा क्षेत्र सड़क संकट से जूझ रहा है और प्रशासन से त्वरित कार्यवाही की मांग उठ रही है।




