

रिपोर्ट: सुनील बोरा

स्थान: नैनीताल

नैनीताल में एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर शहर के व्यापारी अब खुलकर सड़कों पर उतर आए हैं। सांप्रदायिक घटनाओं, अपहरण और गोलीकांड जैसी वारदातों के बाद पुलिस की शाख पर पहले ही सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब व्यापारी समुदाय भी खुले तौर पर नाराजगी जता रहा है।




शुक्रवार को गांधी चौक पर बड़ी संख्या में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर तल्लीताल पुलिस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उत्पीड़न की कार्यवाही बंद नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस बिना किसी पूर्व सूचना या नियमों की जानकारी दिए सीधे कार्रवाई कर रही है। कई व्यापारियों ने कहा कि तल्लीताल पुलिस द्वारा हजारों रुपये के मनमाने चालान काटे जा रहे हैं और व्यापारियों को धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि यह रवैया न केवल अमानवीय है बल्कि व्यापारियों के सम्मान और अधिकारों का हनन भी है।



व्यापारी नेताओं ने साफ कहा कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन पुलिस यदि पारदर्शिता और संवाद की जगह धमकाने और उत्पीड़न का रास्ता अपनाएगी तो यह किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने जल्द ही अपना रवैया नहीं बदला, तो वे सड़कों पर और बड़े स्तर का आंदोलन करेंगे। इस मौके पर स्थानीय व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में दुकानदारों ने भाग लिया।




