बीरोंखाल ब्लॉक में शपथ ग्रहण, नेहा नेगी बनीं ब्लॉक प्रमुख

बीरोंखाल ब्लॉक में शपथ ग्रहण, नेहा नेगी बनीं ब्लॉक प्रमुख

रिपोर्ट : भगवान‌ सिंह
स्थान : बीरोखाल

पौड़ी। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय बीरोंखाल में शुक्रवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी और कनिष्ठ प्रमुख विनीता देवी समेत सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ दिलाने का कार्य नामित अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी पौड़ी अरुण कुमार वर्मा ने संपन्न कराया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत उपस्थित रहे। उन्होंने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास के साथ इन्हें चुना है,

उस पर खरा उतरने की जिम्मेदारी अब इन सभी की है। उन्होंने अपील की कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधि बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र के चौमुखी विकास को प्राथमिकता दें और पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करें।

डॉ. रावत ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी यदि पंचायत सदस्यों की भागीदारी और आपसी समन्वय के साथ काम करेंगी तो बीरोंखाल ब्लॉक विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी को जनता का जनमत मिला है और अब जिम्मेदारी है कि इस भरोसे को कायम रखते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश कंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयदीप नेगी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष महिपाल सिंह शाह, जगदीश बिष्ट, हयात सिंह शाह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह में सभी नवनिर्वाचित पंचायत सदस्यों ने आपसी सहयोग और सामंजस्य के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।