

रिपोर्ट :भगवान सिंह
स्थान :श्रीनगर गढ़वाल

अलकनंदा का जलस्तर खतरनाक, बद्रीनाथ हाईवे जलमग्न

चमोली/रुद्रप्रयाग। पहाड़ी जिलों चमोली और रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अलकनंदा नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, जिससे कई स्थानों पर हालात बिगड़ने लगे हैं।



पौड़ी जिले की सीमा पर कलियासौड़ से आगे मिनी गोवा बीच क्षेत्र में नदी का पानी सीधे बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच गया। तेज बहाव के कारण राजमार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियातन यातायात रोक दिया है।


पुलिस ने श्रीनगर से रुद्रप्रयाग की ओर जाने वाले सभी वाहनों को फरासू और कलियासौड़ चौकी पर रोककर सुरक्षित स्थानों पर खड़ा किया है। मार्ग बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है। श्रीनगर क्षेत्र में भी अलकनंदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के उफान से धारी देवी मंदिर मार्ग स्थित दुकानों में पानी घुस गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर के कपाट बंद करवा दिए और आसपास की सभी दुकानों को भी सुरक्षा कारणों से बंद करा दिया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बढ़े जलस्तर ने उन्हें भयभीत कर दिया है। लोग ऊँचाई वाले इलाकों में शरण ले रहे हैं। जल पुलिस और स्थानीय पुलिस लगातार क्षेत्र में मुनादी कर रही है और लोगों से अपील कर रही है कि वे नदी किनारे न जाएँ तथा पूरी सतर्कता बरतें।


उधर, जिला प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है। राजस्व टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और प्रभावित क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन दलों को भी standby पर रखा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।




