बाराकोट ब्लॉक में नव-निर्वाचित प्रमुख सीमा आर्या ने ली शपथ

बाराकोट ब्लॉक में नव-निर्वाचित प्रमुख सीमा आर्या ने ली शपथ

स्थान :बाराकोट( चंपावत)
रिपोर्ट :लक्ष्मण बिष्ट

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद शुक्रवार को बाराकोट ब्लॉक सभागार में शपथ ग्रहण समारोह भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। परियोजना अधिकारी विम्मी जोशी ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने ज्येष्ठ, कनिष्ठ उप प्रमुख समेत सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में सीमा आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा हाईकमान का आभार जताते हुए कहा कि वह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने

और मुख्यमंत्री के “आदर्श चंपावत” के सपने को साकार करने के लिए पूरी टीम के साथ काम करेंगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक के पिछड़े क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे ने ब्लॉक प्रमुख सहित ज्येष्ठ और कनिष्ठ उप प्रमुख को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल महरा, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद लाल वर्मा, राज्य आंदोलनकारी राजू गढ़कोटी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रधान नारायण सिंह फर्त्याल ने किया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान जन गण मन से हुई और समापन वंदे मातरम् के गगनभेदी उद्घोष के साथ किया गया।