

स्थान- खटीमा , उधम सिंह नगर, उत्तराखंड

रिपोर्ट- अशोक सरकार

मानसून सीजन को लेकर प्रशासन और नगर पालिका द्वारा बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन मंगलवार रात की तेज बारिश ने इन तैयारियों की पोल खोल दी। महज़ एक रात की बरसात से नगर के कई वार्डों, मुख्य मार्गों और गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई। जगह-जगह सड़कें और गलियां तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे लोगों को भारी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ा।



स्थिति पर काबू पाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने ईओ दीपक शुक्ला के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और हालात का जायज़ा लिया।


इस दौरान पालिका कर्मियों ने जेसीबी मशीनों की मदद से बंद नालियों को खुलवाया और जल निकासी की व्यवस्था कराई। इसके अलावा नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को भी हटाया गया।


पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि नगर में जल निकासी की व्यवस्थाएं की गई थीं, लेकिन भारी और लगातार बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।


इस दौरान विभिन्न वार्डों के लोगों ने भी पालिका अध्यक्ष से मुलाक़ात कर अपनी परेशानियां साझा कीं। अध्यक्ष ने सभी को भरोसा दिलाया कि नगर की जलभराव समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।




