ताड़ीखेत ब्लॉक में नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ली शपथ, ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने विकास का दिया भरोसा

ताड़ीखेत ब्लॉक में नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ली शपथ, ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने विकास का दिया भरोसा

रिपोर्ट – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत

ताड़ीखेत (अल्मोड़ा)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विजयी सभी नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को ताड़ीखेत ब्लॉक सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रानीखेत की संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने सभी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर ताड़ीखेत ब्लॉक की ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा सहित कुल 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शपथ ली। समारोह के दौरान सभी सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प जताया।

संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने आप पर भरोसा जताया है, इसलिए यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरें।

वहीं, ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ब्लॉक की सभी सुविधाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्राम सभाओं तक पहुँचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लॉक क्षेत्र के कई गांव अब भी पानी, सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे ताकि ग्रामीणों को बेहतर जीवन मिल सके।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्यों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।