

रिपोर्टर – पंकज सक्सेना

स्थान – हल्द्वानी

किसान मोर्चा समतल के अध्यक्ष कार्तिक उपाध्याय ने शनिवार को हल्द्वानी में प्रेस वार्ता कर लोकायुक्त नियुक्ति के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष दोनों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हाईकोर्ट के निर्देश पर लोकायुक्त में 25 पदों पर नियुक्तियां हुई थीं, लेकिन वर्तमान में केवल 7 पदों पर ही कार्य हो रहा है। इसके बावजूद सरकार लोकायुक्त पर लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च कर रही है।



उन्होंने आरोप लगाया कि संस्था द्वारा हाल ही में 2 लाख रुपये के विज्ञापन भी जारी किए गए, जबकि लोकायुक्त में कोई प्रभावी कार्य नहीं हो रहा। कार्तिक उपाध्याय ने कहा कि यह जनता के पैसों का दुरुपयोग और घोर भ्रष्टाचार है।



विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समिति के गठन में अब तक कोई ईमानदार सदस्य नहीं चुना गया है, क्योंकि पक्ष और विपक्ष दोनों ही राज्य को लूटने में लगे हुए हैं।


उन्होंने सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि समय सीमा में लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं होती है तो किसान मोर्चा देहरादून की सड़कों पर जाम आंदोलन करेगा। इस आंदोलन में उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के किसान संगठनों की भागीदारी होगी। उन्होंने साफ कहा कि आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।



