सल्ट में स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना व स्व. नेहा जीना की जयंती पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

सल्ट में स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना व स्व. नेहा जीना की जयंती पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

रिपोर्टर- गोविन्द रावत

स्थान – सल्ट

सल्ट (अल्मोड़ा)। विकास खंड सल्ट के तल्ला मानिला देवी मंदिर प्रांगण में रविवार को सल्ट विधायक स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना एवं स्व. नेहा जीना की जयंती अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना के सुपुत्र प्रतीक जीना, चाय विकास बोर्ड उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह मेहरा समेत क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इसके बाद मंच पर लोक कलाकारों ने उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति से सराबोर विविध प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न झांकियों का भी आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। ढोल-दमाऊ और लोकगीतों की गूंज से पूरा प्रांगण गूंजायमान हो उठा।

जयंती अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर प्रांगण में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए और दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के समापन पर एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं और आमजन ने प्रसाद ग्रहण किया।

स्थानीय जनता ने कहा कि स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना ने सल्ट क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनकी स्मृतियां आज भी क्षेत्रवासियों के दिलों में जीवित हैं। इसी तरह स्व. नेहा जीना की सरलता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण को भी लोग हमेशा याद करते रहेंगे।

इस अवसर पर मौजूद लोगों ने दोनों दिवंगत नेताओं को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।