

रिपोर्ट – संजय कुंवर

लोकेशन – ज्योतिर्मठ

ज्योतिर्मठ (चमोली)। विकास खंड ज्योतिर्मठ के नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख, कनिष्ठ उप प्रमुख सहित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा सभागार खचाखच भर गया।



समारोह की शुरुआत उप जिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चंद्र शेखर वशिष्ठ ने की। उन्होंने सबसे पहले नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख को शपथ ग्रहण कराया गया। तत्पश्चात, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी ने स्वयं सभी नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सामूहिक शपथ दिलाई।



शपथ ग्रहण के इस अवसर पर वातावरण उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। स्थानीय जनता ने तालियों और नारों के बीच अपने प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी जनता के भरोसे को कायम रखने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया।


कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी ज्योतिर्मठ मोहन प्रसाद जोशी ने सभी जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी ही लोकतंत्र की असली ताकत है और आज का यह शपथ ग्रहण समारोह उसी जनसहभागिता का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।



इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विकास खंड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पूरा समारोह सामूहिक उत्सव जैसा प्रतीत हुआ, जहां जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद और सौहार्द्र का माहौल देखने को मिला।

शपथ ग्रहण के साथ ही अब ज्योतिर्मठ विकास खंड में नए कार्यकाल की शुरुआत हो गई है। जनता की उम्मीदें नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने की हैं।



