घोटालों पर सरकार को घेरने में जुटे हरक सिंह रावत

घोटालों पर सरकार को घेरने में जुटे हरक सिंह रावत

रिपोटर- दलीप कश्यप
स्थान- कोटद्वार

ईडी और सीबीआई से क्लीन चिट मिलने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत अब प्रदेश के घोटालों को उजागर करने में सक्रिय हो गए हैं। रावत ने साफ कहा कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।

कोटद्वार पहुंचे हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के 8 साल के कार्यकाल में उपलब्धि के नाम पर शून्य ही है। रावत ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पर भी आरोप लगाया कि 2017 में की गई घोषणाएँ—जैसे लालढांग-चिल्लरखाल मोटरमार्ग, मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय—आज तक धरातल पर नहीं उतरीं।

रावत ने कहा कि भाजपा सरकार को धर्म के नाम पर वोट मिल रहा है, जबकि जनता को केवल ठगा जा रहा है। उन्होंने अंकिता हत्याकांड, नाबालिग से रेप, आत्महत्या और पेपर लीक जैसे मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें भाजपा से जुड़े लोग ही शामिल थे।

पूर्व मंत्री ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागों से सीएम के नाम पर वसूली हो रही है और स्थानीय लोगों को काम के भुगतान तक में परेशानी आ रही है। पाखरो टाइगर सफारी मामले पर रावत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट इसे जारी रखने की अनुमति दे चुका है, फिर भी सरकार जानबूझकर इसे रोक रही है ताकि कोटद्वार का विकास न हो सके।

हालांकि रावत ने भाजपा सरकार के 8 साल को निराशाजनक बताया, मगर इन आठ वर्षों में पांच साल वह खुद भी वन एवं पर्यावरण मंत्री रहे। अब वह कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी को देखते हुए यह रास्ता आसान नहीं दिख रहा।