हनुमान पुलिया के पास सरकारी अनाज की कालाबाजारी उजागर, गल्ले की दुकान का लाइसेंस निलंबित

हनुमान पुलिया के पास सरकारी अनाज की कालाबाजारी उजागर, गल्ले की दुकान का लाइसेंस निलंबित

स्थान : हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता – मनोज कश्यप

बीते दिनों हनुमान पुलिया, जगजीतपुर क्षेत्र में सरकारी अनाज की कालाबाजारी का गंभीर मामला सामने आया था। जिलाधिकारी के आदेश पर की गई जांच में अनियमितताएं साबित होने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एआरओ रवीश अनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई, जिसमें यह पुष्टि हुई कि दुकान संचालक द्वारा सरकारी अनाज का दुरुपयोग किया जा रहा था।

जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपे जाने के बाद उनके निर्देश पर तत्काल प्रभाव से दुकान का संचालन रोका गया और लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।

गरीबों का हक छीना तो नहीं मिलेगी माफी: प्रशासन

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में यदि कोई दुकानदार गरीबों के हक के अनाज की कालाबाजारी करता है तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

एआरओ अनवाल ने कहा, “भविष्य में भी यदि किसी अन्य सस्ते गल्ले की दुकान से इस प्रकार की शिकायत मिलती है तो तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।”

जनता से अपील

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी सरकारी अनाज की कालाबाजारी या अनियमितता नजर आए तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें। जनभागीदारी से ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है।