दीपा दर्मवाल बनीं नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष, देवकी बिष्ट को उपाध्यक्ष पद

दीपा दर्मवाल बनीं नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष, देवकी बिष्ट को उपाध्यक्ष पद

रिपोर्ट – दीपक अधिकारी
स्थान – हल्द्वानी

नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव का आधिकारिक परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। इसमें बीजेपी समर्थित प्रत्याशी दीपा दर्मवाल को अध्यक्ष और देवकी बिष्ट को उपाध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किया गया है।

यह चुनाव बीते कई महीनों से विवादों और कानूनी अड़चनों में फंसा हुआ था। चुनाव की प्रक्रिया तो पूर्व में ही संपन्न हो गई थी, लेकिन परिणामों पर रोक लगी हुई थी। चुनाव के दिन देर रात मतगणना कर वोटों को सुरक्षित रखा गया था, जिनका औपचारिक ऐलान अब जाकर किया गया है।

परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपा दर्मवाल अपने पति एवं निवर्तमान उपाध्यक्ष आनंद दर्मवाल के साथ बीजेपी कुमाऊं संभाग कार्यालय हल्द्वानी पहुँचीं। वहाँ कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय में उत्सव का माहौल बना रहा।

स्वागत समारोह में बीजेपी के नैनीताल जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

दीपा दर्मवाल ने मीडिया से बातचीत में अपनी जीत को जनता और पार्टी की सामूहिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे जिला पंचायत क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने पंचायत स्तर पर सशक्त प्रशासन, जन सहभागिता, और सुव्यवस्थित योजनाओं के क्रियान्वयन का संकल्प भी दोहराया।

अब जब नैनीताल जिला पंचायत को नई नेतृत्व टीम मिल चुकी है, तो क्षेत्र की जनता की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि यह नेतृत्व कितना प्रभावी और संवेदनशील ढंग से काम करता है।