नेपाल सीमा से तस्करी कर लाया गया 10 कुंतल चायनीज लहसून नष्ट

नेपाल सीमा से तस्करी कर लाया गया 10 कुंतल चायनीज लहसून नष्ट

स्थान – खटीमा /उधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के माध्यम से लाए गए लगभग 10 कुंतल प्रतिबंधित चायनीज लहसून को मंगलवार को कस्टम विभाग द्वारा खटीमा तहसील परिसर में नष्ट कर दिया गया। यह लहसून 49 बैगों में भरकर लाया गया था, जिसे नेपाल सीमा से अवैध रूप से भारत लाया गया था।

कस्टम निरीक्षक एम.के. त्रिपाठी ने जानकारी दी कि विभागीय टीम ने पुलिस के साथ मिलकर मेलाघाट क्षेत्र में छापेमारी की थी।

इस दौरान कुछ लोगों को सिर पर प्रतिबंधित लहसून लाते हुए पकड़ा गया। बरामद लहसून की जांच और कागजी कार्रवाई के बाद इसे तहसील परिसर में लाकर नष्ट किया गया।

लहसून को नष्ट करने की प्रक्रिया कस्टम बरेली के सहायक आयुक्त जगनमोहन, कस्टम अधीक्षक राजेश शर्मा, तथा तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण की निगरानी में जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर पूरी की गई।

वनस्पति संरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश बाबू ने बताया कि चायनीज लहसून में हानिकारक कीटनाशक और रसायन होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। साथ ही, इसकी बुवाई से भारतीय फसलों पर नकारात्मक असर पड़ता है, जिससे किसानों को अधिक कीटनाशकों का प्रयोग करना पड़ता है। इन्हीं कारणों से भारत में इस लहसून के आयात पर प्रतिबंध है।

इस कार्रवाई के दौरान कस्टम विभाग के अधिकारी मुन्ना लाल, अखिलेश कुमार समेत कई अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।