

हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता – मनोज कश्यप

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आने लगा है। जहां पहाड़ों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं नदियों और नालों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।



भीमगोडा बैराज से होकर बहने वाली गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर चुका है। गंगा नदी वर्तमान में 293.10 मीटर पर बह रही है, जबकि चेतावनी स्तर 293.00 मीटर और खतरे का स्तर 294.00 मीटर निर्धारित है। इसका मतलब है कि गंगा नदी इस समय चेतावनी स्तर से 10 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।




हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है, और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



सिंचाई विभाग, उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। यदि बारिश इसी प्रकार जारी रही, तो आने वाले घंटों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।


प्रशासन की अपील:
नदी के किनारे जाने से बचें, बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान रखें, और किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी बाढ़ चौकी या प्रशासन से संपर्क करें।



