

उत्तरकाशी
संवाददाता – दीपक नौटियाल
जनपद उत्तरकाशी में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में स्तनपान से जुड़े लाभों की जानकारी देने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत के दिशा-निर्देशन में तथा प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल की अगुवाई में सम्पन्न हुआ।
डॉ. पोखरियाल ने अस्पताल के समस्त स्टाफ और उपस्थित माताओं को स्तनपान के शिशु और माताओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी।



आज सुबह वरिष्ठ महिला चिकित्साधिकारी डॉ. हिमाद्रि रौंकली और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दानिश जमाल द्वारा महिला चिकित्सालय स्थित पोस्ट नटाल वार्ड में प्रसूता माताओं को स्तनपान के महत्व से अवगत कराया गया।



इसके उपरांत एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.के. यादव, समस्त चिकित्साधिकारी, नर्सिंग स्टाफ और प्रसूता माताएँ शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान स्तनपान कराने की विधि, सावधानियाँ और इससे होने वाले शिशु पोषण के लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।


पोस्टर प्रतियोगिता भी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के अंतर्गत एक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें नर्सिंग अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में:
- प्रथम स्थान – डॉर्कस सिंह
- द्वितीय स्थान – आयुषी
- तृतीय स्थान – विमला
को प्राप्त हुआ।



मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने बताया कि स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जनपद के समस्त चिकित्सा इकाइयों, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर स्तनपान के लाभों की जानकारी दी जा रही है। यह अभियान प्रसूता माताओं को जागरूक करने तथा नवजात शिशुओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।




