मंगलौर में बंद मकान से महिला का शव बरामद, दहेज हत्या का आरोप, पति पर शक

मंगलौर में बंद मकान से महिला का शव बरामद, दहेज हत्या का आरोप, पति पर शक

संवाद्दाता- प्रिंस शर्मा

रुड़की, मंगलौर
कस्बा मंगलौर में मंगलवार को एक बंद मकान से 30 वर्षीय महिला का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान ज़ेबा के रूप में हुई है, जिसकी शादी सात माह पूर्व समीर उर्फ़ राजा नामक युवक से हुई थी।

मृतका की बहन तरन्नुम ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले ज़ेबा ने उसे फोन पर बताया था कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है और दहेज की मांग करता है।

शनिवार से ज़ेबा का फोन लगातार बंद आ रहा था, जिससे चिंतित होकर तरन्नुम मंगलवार को मंगलौर पहुंची।

कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस छत के रास्ते घर में दाखिल हुई, जहां ज़ेबा का शव पड़ा मिला।

तरन्नुम ने साफ तौर पर आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या उसके पति समीर ने की है।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मामला संदिग्ध है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।