


देहरादून

उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और आगामी दिनों में इसका प्रभाव और तेज हो सकता है। मौसम विभाग ने 28 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर 23 जून को देहरादून और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।



इसके साथ ही टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, अल्मोड़ा और बागेश्वर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।


इन क्षेत्रों में भारी बारिश की विशेष संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, पौड़ी, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश होने की प्रबल आशंका है। उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और देहरादून में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।


प्रशासन ने जारी की सावधानियां, लोगों से की अपील
मौसम विभाग ने प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ जैसे आपदाओं की आशंका को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

स्थानीय प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे नदी-नालों से दूर रहें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाएं, और संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं।


यात्रियों और पर्यटकों के लिए भी एडवाइजरी
राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद हैं, जिन्हें प्रशासन ने ट्रैवल एडवाइजरी का पालन करने और मौसम की अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने से पहले स्थानीय प्रशासन या पर्यटन विभाग से अनुमति एवं जानकारी लेना अनिवार्य किया गया है।



