चम्पावत में “रन फॉर योगा” का सफल आयोजन, योग और नशामुक्ति का दिया संदेश

चम्पावत में “रन फॉर योगा” का सफल आयोजन, योग और नशामुक्ति का दिया संदेश

स्थान:चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों के तहत चम्पावत में आज “रन फॉर योगा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देशन में पुलिस लाइन चम्पावत से गोरलचौड़ मैदान तक संपन्न हुआ, जिसमें आम जनता से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौड़ में जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, एसएसबी जवान, पुलिसकर्मी और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग और नशामुक्ति के लिए सामूहिक शपथ भी ली।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अधिकारियों ने भी दिखाई सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवनीत पांडे, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी दौड़ में शामिल हुए और पूर्ण दूरी तय कर एक मिसाल कायम की। उनकी सक्रिय भागीदारी ने आम नागरिकों को योग, स्वास्थ्य और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक किया।


प्रशासनिक संदेश

जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने अपने संबोधन में कहा:

“योग केवल व्यायाम नहीं, यह जीवनशैली है जो शरीर, मन, आत्मा और प्रकृति को जोड़ती है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि 21 जून को जनपद में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लें।”

पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा:

“’रन फॉर योगा’ युवाओं और समाज को जागरूक करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। योग को अपनाएं, नशे से दूर रहें और एक स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”