


हल्द्वानी

बनभूलपुरा क्षेत्र के नई मस्जिद इलाके में शनिवार शाम एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची को बहलाने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। समय रहते लोगों की सतर्कता और सूझ-बूझ से एक बड़ी घटना टल गई।



थाना बनभूलपुरा पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक नशे की हालत में था और उससे पूछताछ की जा रही है।

बच्ची को इशारों से बुला रहा था आरोपी
नई मस्जिद क्षेत्र के निवासी ने बताया कि उनकी पांच वर्षीय बेटी अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। पास ही बैठा एक अज्ञात युवक बच्ची को इशारों से अपने पास बुलाने की कोशिश कर रहा था। यह संदिग्ध हरकत देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ।



जैसे ही कुछ लोग उसकी ओर बढ़े, युवक भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन मुस्तैद भीड़ ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

डायल 112 पर कॉल न उठने की शिकायत
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि डायल 112 पर कॉल करने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी बनभूलपुरा नीरज भाकुनी को सीधा फोन कर सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया।


पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि, “आरोपी युवक नशे की हालत में था। उससे पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।”


स्थानीय लोगों की सजगता सराहनीय
इस घटना में स्थानीय लोगों की तत्परता और जागरूकता ने एक संभावित गंभीर स्थिति को समय रहते टाल दिया। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से अपील की है कि ऐसे संदिग्ध तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


