शराब के नशे में हंगामा, सपा जिलाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शराब के नशे में हंगामा, सपा जिलाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट को पुलिस ने किया गिरफ्तार

स्थान:चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

समाजवादी पार्टी के चंपावत जिला अध्यक्ष एवं टैक्सी यूनियन अध्यक्ष ललित मोहन भट्ट को शराब के नशे में पड़ोसियों के साथ अभद्रता, हंगामा और पुलिस से बदसलूकी करने के आरोप में शुक्रवार रात हवालात की हवा खानी पड़ी। पुलिस ने उनके खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान भी किया है।

महिला ने की शिकायत, वीडियो बना सबूत सौंपा
कोतवाल बी.एस. बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को एक महिला द्वारा सूचना दी गई कि ललित मोहन भट्ट नामक व्यक्ति शराब के नशे में उन्हें गाली दे रहा है, अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। महिला के परिजनों ने इसका वीडियो बनाकर पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपा।

पुलिस पर भी की अभद्र टिप्पणी, मेडिकल में नशे की पुष्टि
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां भट्ट ने पुलिस के साथ भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने तत्काल उन्हें कोतवाली लाकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब के नशे में होना प्रमाणित हुआ। कोतवाल बिष्ट के अनुसार, कोतवाली में भी भट्ट ने पुलिसकर्मियों के साथ अत्यधिक अभद्रता और हंगामा किया।

81 पुलिस एक्ट में चालान, अराजकता पर सख्ती
कोतवाल बी.एस. बिष्ट ने बताया कि ललित मोहन भट्ट के खिलाफ शराब पीकर हंगामा करने, पड़ोसियों से दुर्व्यवहार और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, नेताजी की रात हवालात में गुजरी।