हल्द्वानी: टांडा जंगल में युवक की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

हल्द्वानी: टांडा जंगल में युवक की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

हल्द्वानी
शहर के टांडा जंगल क्षेत्र में गुरुवार शाम एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जाते समय रेलवे ट्रैक के पास जंगल में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाल राजेश कुमार यादव और टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

युवक का शव सड़क से करीब एक किलोमीटर भीतर घने जंगल में मिला। प्रारंभिक जांच में शव एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि युवक की हत्या कर शव को जंगल में फेंके जाने की आशंका है। मामले की तहकीकात के लिए टांडा बैरियर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर खून, मिट्टी और मृतक के कपड़ों समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। साथ ही पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने की कोशिश की।

शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।