अहमदाबाद प्लेन हादसे में बांसवाड़ा के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, लंदन जा रहा था परिवार

अहमदाबाद प्लेन हादसे में बांसवाड़ा के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, लंदन जा रहा था परिवार

बांसवाड़ा के एक ही परिवार की विमान हादसे में दर्दनाक मौत
लंदन शिफ्ट हो रहा था परिवार, डॉक्टर कोनी व्यास समेत पांच की मौत

अहमदाबाद में हुए एक विमान हादसे ने राजस्थान के बांसवाड़ा के एक खुशहाल परिवार की जिंदगी छीन ली। लंदन शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा यह परिवार अब सिर्फ तस्वीरों में रह गया है। हादसे में डॉ. कोनी व्यास, उनके पति प्रदीप जोशी और तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई।

डॉ. कोनी व्यास, जो पेसिफिक हॉस्पिटल में सेवाएं दे रही थीं, ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया था। वह अपने पति और बच्चों के साथ स्थायी रूप से लंदन बसने जा रही थीं। अहमदाबाद से उड़ान भरते समय यह परिवार एक विमान हादसे का शिकार हो गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही सभी की मौत हो गई।

परिवार की मौत की खबर जैसे ही बांसवाड़ा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। तीन मासूम बच्चों की असमय मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
स्थानीय लोगों और परिचितों के अनुसार, यह परिवार बेहद मिलनसार और सामाजिक था। कोनी व्यास को लोग एक समर्पित डॉक्टर और स्नेही मां के रूप में जानते थे।

सोशल मीडिया पर इस हादसे को लेकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। कई लोगों ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा – “ईश्वर इतना निर्दयी कैसे हो सकता है, जो एक ही झटके में पूरे परिवार को छीन ले?”

प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है। मृतकों के पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।