


रिपोर्टर – पंकज सक्सेना

हल्द्वानी, 1३ जून
हल्द्वानी में वर्ष 2021 में एक युवक का धर्म परिवर्तन कराकर फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर शादी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह कार्य विशेष समुदाय के लोगों द्वारा संगठित रूप से किया गया है, जिसमें फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और माता-पिता के नाम तक बदल दिए गए।



क्या है मामला?
भोलेनाथ निवासी ज्योति अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके सबसे छोटे भाई सागर अग्रवाल का पहले धर्म परिवर्तन कराया गया, फिर फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर उसकी शादी एक मुस्लिम लड़की से कर दी गई। आरोप है कि इस कार्य के लिए सागर का फर्जी आधार कार्ड और नकली माता-पिता के नामों का उपयोग किया गया।



काठगोदाम में हुआ निकाह, आरोपी पर पहले से केस:
शिकायत के अनुसार, काठगोदाम निवासी एक व्यक्ति ने सागर का धर्म परिवर्तन कराकर उसका निकाह काठगोदाम क्षेत्र में ही करवाया। जांच में सामने आया कि यह आरोपी पूर्व में चोरी के मामले में जेल भी जा चुका है और अब कथित रूप से धर्म परिवर्तन और दस्तावेज़ फर्जीवाड़े का नेटवर्क चला रहा है।



फर्जी दस्तावेज़ और ज़मीन की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता:
सूत्रों के अनुसार, आरोपी द्वारा काठगोदाम क्षेत्र के सुल्तानपुर नगरी में अवैध तरीके से लोगों के फर्जी आधार कार्ड और प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी जमीन की खरीद-फरोख्त भी की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
शिकायतकर्ता को खतरा:
ज्योति अग्रवाल का कहना है कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे सक्रिय लोग बेहद शातिर हैं और उन्हें जान-माल का खतरा है। उनका आरोप है कि फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने वाला एक बड़ा गैंग क्षेत्र में सक्रिय है।


पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेज़ों की सत्यता, धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया और निकाह से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।




