
स्थान : हल्द्वानी

भारतीय जनता पार्टी अब अपनी अनुशासन नीति को लेकर और सख्त रुख अपनाने जा रही है। पार्टी के अंदरूनी मामलों और सरकार की नीतियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही अनर्गल बयानबाज़ी को गंभीरता से लेते हुए भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कड़ी चेतावनी जारी की है।

जिलाध्यक्ष ने एक पत्र के माध्यम से साफ शब्दों में कहा है कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है, जहां अपनी बात रखने के लिए उचित मंच और प्रक्रिया मौजूद हैं। बावजूद इसके, कुछ कार्यकर्ता और पदाधिकारी सोशल मीडिया का सहारा लेकर पार्टी निर्णयों के खिलाफ बयानबाज़ी कर रहे हैं, जो न सिर्फ संगठन को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि पार्टी की एकजुटता पर भी सवाल खड़े कर रही है।


प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा, “कुछ लोग पार्टी फोरम में बात रखने के बजाय सार्वजनिक मंचों पर बयान देकर पार्टी की छवि को धूमिल कर रहे हैं। इससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है और यह दर्शाता है कि पार्टी अंदरूनी रूप से गुटों में बंटी हुई है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। यह निर्देश प्रदेश नेतृत्व के आदेशों के अनुपालन में जारी किया गया है।

भाजपा सख्त संदेश देना चाहती है कि अनुशासनहीनता अब कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाध्यक्ष की ओर से जारी यह पत्र कार्यकर्ताओं के बीच स्पष्ट संदेश दे रहा है कि संगठन में किसी भी प्रकार की सार्वजनिक असहमति या बयानबाज़ी की कोई जगह नहीं है।

