हल्द्वानी: आंगन में पानी भर रही महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

हल्द्वानी: आंगन में पानी भर रही महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

हल्द्वानी

हल्द्वानी के टीपी नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुड़दौड़ा देवलचौड़ में रविवार शाम एक दुखद हादसा हो गया। घर के आंगन में पानी भर रही 65 वर्षीय महिला को सांप ने डस लिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका मुन्नी देवी पत्नी चंदन सिंह बिष्ट रविवार शाम करीब 5 बजे घर के आंगन में पानी की मोटर चलाकर पानी भर रही थीं।

इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उनके पैर में काट लिया। सांप के डसने के कुछ ही देर बाद उनके पैर से खून बहने लगा और हालत बिगड़ती चली गई।

परिजन उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

मृतका के बेटे ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। इस पर विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।