


हरिद्वार

हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर की सर्विस रोड पर एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्कूटी हटाने को लेकर हुए झगड़े में एक युवती को कुछ लोगों ने सरेआम बेरहमी से पीटा।



मारपीट का यह सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई महिलाएं और पुरुष युवती पर लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती का एक परिवार के साथ स्कूटी हटाने को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद उक्त परिवार ने अपने कुछ परिचितों को मौके पर बुला लिया और फिर मिलकर युवती की पिटाई शुरू कर दी।



यह पूरी घटना सड़क किनारे हुई, जहां राह चलते लोग भी घटना को देख हैरान रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ज्वालापुर कोतवाली इंचार्ज अमरजीत सिंह ने बताया, “लड़की के साथ मारपीट की घटना की पुष्टि हुई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।”


स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो के चलते पुलिस पर शीघ्र कार्रवाई का दबाव भी बना हुआ है।



