हरीश रावत ने निकाली तिरंगा सम्मान पदयात्रा, सरकार पर बोला जोरदार हमला

हरीश रावत ने निकाली तिरंगा सम्मान पदयात्रा, सरकार पर बोला जोरदार हमला

रिपोर्ट : हरीश भण्डारी
स्थान : अल्मोड़ा

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोमेश्वर (जनपद अल्मोड़ा) में आज “तिरंगा सम्मान पदयात्रा” का नेतृत्व किया। इस पदयात्रा में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता, स्थानीय विधायक एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

पदयात्रा की शुरुआत शहीद स्थल चनोदा से हुई, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शांति लाल त्रिवेदी सहित अनेक शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति के नारों के साथ सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

इस मौके पर हरीश रावत ने कहा, “देश में जिस प्रकार का माहौल बन गया है, उसमें तिरंगे की आन-बान को बनाए रखना कांग्रेस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह यात्रा निकाली गई है।”

उन्होंने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य की सरकार जनविरोधी नीतियों के तहत काम कर रही है। कांग्रेस आने वाले दिनों में प्रदेश के प्रत्येक मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में जाकर जन जागरूकता अभियान चलाएगी और सरकार की असलियत जनता के सामने लाएगी।

रावत ने कहा कि, “यह झूठ और लूट की सरकार है, जो केवल वादों की राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल विपरीत है। जनता अब इस सरकार से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है।”

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला, जो बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल हुए।