तालाब की सफाई की आड़ में अवैध खनन, ग्राम प्रधान पर उठे सवाल

तालाब की सफाई की आड़ में अवैध खनन, ग्राम प्रधान पर उठे सवाल

लोकेशन : लक्सर
रिपोर्टर : राम गोपाल

गांव मोहम्मदपुर कुनहारी में तालाब की सफाई की आड़ में अवैध खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और उसके पक्ष के कुछ लोग तालाब से आरबीएम (रिवर बेड मैटेरियल) निकालकर पास की एक कॉलोनी में इकट्ठा कर रहे हैं, जिसे बाद में बेचकर भारी मुनाफा कमाया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य “सफाई अभियान” के नाम पर किया जा रहा है, जबकि हकीकत में यह खुलेआम खनन है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाब से निकाले जा रहे मिट्टी, बालू और अन्य सामग्री को ट्रैक्टर-ट्रॉली से पास की कॉलोनियों में जमा किया जा रहा है, जिससे साफ जाहिर होता है कि यह व्यावसायिक उद्देश्य से किया जा रहा है।

गांववासियों ने इस संबंध में तहसील अधिकारियों से लेकर जिला अधिकारी तक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर खनन करते लोगों को देखा जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में क्या सख्त कदम उठाता है, या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।