


रिपोर्ट : नदीम परवेज़
स्थान : पिथौरागढ़ (धारचूला)



पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र धारचूला में शनिवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नगर पालिका रोड पर 20 वर्षीय युवक कमलेश दानू की चाकू से बेरहमी से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कमलेश को तत्काल धारचूला उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।



इलाके में भारी आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
हत्या की खबर फैलते ही रविवार सुबह क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पालिका रोड क्षेत्र में बने होटल व ढाबों में खुलेआम शराब परोसी जाती है, जिससे आए दिन झगड़े होते रहते हैं।



आरोपियों की पहचान, पुलिस की दबिश जारी
धारचूला कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर धारा 130 बीएनएस उपधारा एक के तहत दो युवकों — चंदू खैर निवासी धारचूला और सचिन नबियाल निवासी खोतीला धारचूला — के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दी है और उनके वाहन को सीज कर लिया गया है।


पुलिस उपाधीक्षक कुंवर सिंह रावत ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने धारचूला की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि उप जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक की सुविधा होती तो घायल युवक की जान बचाई जा सकती थी। नागरिकों ने मांग की है कि नगर की सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और शराब परोसने वाले होटलों व ढाबों पर सख्त कार्रवाई की जाए।



नगर में दहशत का माहौल
नगर के बीचों-बीच हुई इस नृशंस हत्या से क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।




