ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली गई तिरंगा यात्रा, भारतीय सैनिकों को दी गई श्रद्धांजलि

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली गई तिरंगा यात्रा, भारतीय सैनिकों को दी गई श्रद्धांजलि

स्थान : सितारगंज
रिपोर्ट : तनवीर अंसारी

भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन सिंदूर के उपलक्ष्य में राष्ट्रवादी पसमांदा मुस्लिम राष्ट्रीय मंच द्वारा शुक्रवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा कृषि अनाज मंडी से प्रारंभ होकर तिरंगा चौक तक निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में पसमांदा समाज के लोगों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

दिल्ली से पहुँचे राष्ट्रीय अध्यक्ष शमशाद मीर का स्वागत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली से पधारे मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमशाद मीर का स्थानीय कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। तिरंगा यात्रा से पहले एक संगोष्ठी का आयोजन कृषि अनाज मंडी में किया गया, जहां शमशाद मीर समेत अन्य वक्ताओं ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को भारतीय सेना की वीरता और समर्पण का प्रतीक बताया।

तिरंगा यात्रा बनी राष्ट्रभक्ति का प्रतीक
सभा के बाद हजारों की संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर पैदल मार्च करते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ तिरंगा चौक तक यात्रा निकाली। यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान हर तरफ देशभक्ति का माहौल बना रहा और स्थानीय लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम में समाज की भागीदारी उल्लेखनीय
इस आयोजन में पसमांदा मुस्लिम समाज की भागीदारी उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने इस राष्ट्रभक्ति अभियान में भाग लिया। आयोजकों ने इसे राष्ट्रीय एकता और सैनिकों के सम्मान को समर्पित बताया।