


स्थान : नैनीताल
रिपोर्ट : ललित जोशी


नैनीताल – सरोवर नगरी नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों से संवाद कर जनसमस्याओं को भी सुना।


सड़क निर्माण और सुधार कार्यों को मिली नई रफ्तार
सांसद भट्ट ने मंगोली-थपला की 9.3 किलोमीटर लंबी सड़क के सुधारीकरण कार्य का 456.25 लाख रुपए की लागत से शिलान्यास किया। यह कार्य एसडीबीसी एवं पीसी के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें सतह सुधार, क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत और अन्य बुनियादी कार्य शामिल हैं।


इसके साथ ही उन्होंने पायलट बाबा आश्रम से गेठिया गांव तक मुख्य मार्ग के सुधारीकरण कार्य का भी 93.50 लाख रुपए की लागत से शिलान्यास किया। यह मार्ग पायलट बाबा कॉलेज को भी जोड़ेगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।


धार्मिक स्थलों का निरीक्षण व दिशा-निर्देश
सांसद भट्ट ने नैनीताल में स्थित मां मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना कर दर्शन किए। मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को तुरंत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

ऑर्गेनिक खेती को मिला समर्थन
अपने दौरे के दौरान श्री भट्ट ने तल्ला वज़ून गांव का भी भ्रमण किया। यहां की प्राकृतिक खेती और ऑर्गेनिक सब्जियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “यह गांव वोकल फॉर लोकल का एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जिसे बढ़ावा देने की आवश्यकता है।”


जनसंपर्क और शोक संवेदनाएं
श्री भट्ट ने अपने दौरे के दौरान कई गांवों का भ्रमण किया, जिसमें मंगोली, खमारी, थपला, जलालगांव, रोखड़ आदि शामिल हैं। उन्होंने कई परिवारों से मिलकर हाल में हुए आकस्मिक पारिवारिक निधन पर शोक संवेदना भी व्यक्त की।


सांसद के साथ शामिल रहे जनप्रतिनिधि
इस दौरान उनके साथ नैनीताल विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, हिमांशु बिष्ट, हरीश बिष्ट, पुष्कर मेहरा, संजू वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सांसद अजय भट्ट के इस दौरे से क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। उनके प्रयासों से न केवल बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय जनता को भी सीधा लाभ मिलेगा।


