


स्थान : देहरादून
रिपोर्ट : सचिन कुमार


देहरादून – राज्य के पेंशन धारकों के लिए राहत भरी खबर है। अब पेंशन में देरी या किसी अन्य जानकारी के लिए बार-बार विभागीय दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। देहरादून के साइबर कोषागार विभाग से पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थी अब अपने मोबाइल पर ही पेंशन संबंधी सभी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।


नेशनल इंफॉर्मेशन सेंटर (NIC) द्वारा तैयार पेंशन मोबाइल एप की मदद से लाभार्थी पेंशन की स्थिति, भुगतान विवरण और अन्य सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि पेंशनर का आधार नंबर, खाता संख्या और ट्रेजरी नंबर आपस में लिंक हो।



विभागीय अधिकारी परमीत सिंह के अनुसार, “पेंशन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह मोबाइल एप विकसित किया गया है। इससे लाभार्थियों को सरकारी पेंशन योजनाओं की जानकारी अब एक क्लिक में मिलेगी।”



इस एप के माध्यम से विशेष रूप से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा दी जा रही पेंशन योजनाओं की जानकारी भी देखी जा सकेगी। एप फिलहाल एंड्रॉइड मोबाइल यूज़र्स के लिए उपलब्ध है और जल्द ही iOS वर्जन भी लॉन्च किया जाएगा।

क्या मिलेगा इस एप में:
- पेंशन की भुगतान स्थिति
- योजना की पात्रता और विवरण
- शिकायत पंजीकरण सुविधा
- विभागीय संपर्क जानकारी

कैसे करें उपयोग:
- गूगल प्ले स्टोर से “पेंशन मोबाइल एप” डाउनलोड करें।
- आधार नंबर और खाता संख्या दर्ज करें।
- लॉगिन के बाद अपनी पेंशन से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त करें।

सरकार की इस पहल से अनुमानित लाखों पेंशन धारकों को लाभ मिलेगा और पारदर्शिता एवं जवाबदेही में भी वृद्धि होगी।



