

स्थान : रानीखेत

रविवार को मिशन इंटर कॉलेज सभागार में पं. ख्याली राम सती स्मृति शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ। समारोह में ताड़ीखेत विकासखंड के चार उत्कृष्ट शिक्षकों को उनकी शिक्षा सेवा के लिए सम्मानित किया गया।


समारोह का शुभारंभ पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय रानीखेत के प्राचार्य और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राकेश दुबे ने मां वागीश्वरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। बीरशिवा स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। सांस्कृतिक समिति के हरीश लाल साह, राजेन्द्र पंत, दीपक पंत और गौरव भट्ट ने मुख्य अतिथि राकेश दुबे और अध्यक्ष सुनील मसीह का बैज अलंकरण कर व पौधा भेंट कर स्वागत किया।


समारोह के आयोजक, वरिष्ठ पत्रकार विमल सती ने अपने संबोधन में आयोजन के उद्देश्य और पं. ख्याली राम सती के शिक्षकीय मूल्यों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि राकेश दुबे ने कहा कि एक शिक्षक की सफलता केवल पढ़ाने में नहीं, बल्कि विद्यार्थी से भावनात्मक जुड़ाव में भी होती है। उन्होंने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि शिक्षक का विकास तो हो रहा है, लेकिन विद्यार्थी का विकास अपेक्षित दिशा में नहीं जा पा रहा है।



इस अवसर पर विकास खंड ताड़ीखेत के रा.प्रा.वि. खिरखेत की प्रधानाध्यापिका इमराना परवीन, रा.प्रा.वि. जाला की सहायक अध्यापिका उर्मिला बिष्ट, रा.इ.का. शेर के प्रवक्ता दीपक चंद्र बिष्ट और राजकीय आदर्श जूहा डौड़ाखाल के महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट को पं. ख्याली राम सती स्मृति शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।


इसके अलावा उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में हिंदी विषय में सर्वाधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों — विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रानीखेत के धीरज सिंह व दीपक सिंह बिष्ट, मिशन इंटर कॉलेज की मेघा पवार और राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज की साक्षी मेहरा को स्व. पंकज लता सती स्मृति हिंदी प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मिशन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील मसीह ने की, जबकि संचालन शिक्षिका ज्योति साह ने किया।


इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य एच.एस. कड़ाकोटी, कैलाश पांडे, कैलाश सती, रामेश्वर गोयल, भुवन साह, विमला बिष्ट, विनीता खाती, गीता जोशी, मुकेश साह, हरीश साह, सोनू सिद्दीकी, प्रभात सती, किरन लाल साह, देवकीनंदन कांडपाल, अगस्त लाल साह, मिथिलेश मिश्रा, रा.इ.का. कुनेलाखेत के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह नेगी सहित विभिन्न विद्यालयों के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक बताया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।


