

स्थान:लोहाघाट( चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और पराक्रम को समर्पित ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में शनिवार को लोहाघाट में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किया गया जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे गूंजते रहे।



सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण से शुरू होकर यह यात्रा मीना बाजार, शीतला माता मंदिर, स्टेशन बाजार, और खड़ी बाजार होते हुए नगर भर में निकाली गई। इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिक संगठनों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया।



यात्रा में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, मोहित पाठक आदि ने अपने संबोधन में कहा कि:



“ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों और रक्षा केंद्रों पर अभूतपूर्व कार्रवाई कर दुश्मन को करारा जवाब दिया है। यह यात्रा हमारी सेना के शौर्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को समर्पित है।”

नेताओं ने कहा कि यह पराक्रम आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देगा और भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समाज को जागरूक करने का माध्यम बनेगा।


