लोहाघाट रोडवेज कर्मचारी यूनियन के चुनाव संपन्न, महिपाल सिंह निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

लोहाघाट रोडवेज कर्मचारी यूनियन के चुनाव संपन्न, महिपाल सिंह निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट रोडवेज डिपो में आज रोडवेज कर्मचारी यूनियन शाखा के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी के निर्देश पर हुए इस चुनाव की निगरानी चुनाव अधिकारी मनोज मिश्रा द्वारा की गई। चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

महिपाल सिंह को सर्वसम्मति से शाखा अध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रभारी मनोज मिश्रा ने जानकारी दी कि सभी पदाधिकारियों का चयन निर्विरोध रूप से हुआ है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष महिपाल सिंह ने कहा कि यूनियन हमेशा कर्मचारियों और परिवहन निगम के हित में कार्य करती रही है और आगे भी करेगी।

महिपाल सिंह ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है। यूनियन इस मुद्दे को लेकर सशक्त लड़ाई लड़ेगी

इसके साथ ही उन्होंने लोहाघाट डिपो की गंभीर समस्याएं भी उजागर कीं। उन्होंने कहा कि डिपो में बसों के स्पेयर पार्ट्स की भारी कमी है और कई बसें रास्ते में खराब हो रही हैं, जिससे न सिर्फ डिपो की आय प्रभावित हो रही है, बल्कि यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यूनियन ने नई बसों की तैनाती और पर्याप्त स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता की मांग शासन-प्रशासन और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।

चुनाव के बाद सभी रोडवेज कर्मियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और यूनियन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का भरोसा जताया।