

लोकेशन – बागेश्वर

बागेश्वर, 20 अप्रैल: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में बागेश्वर जिले के विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा के छात्र कमल सिंह चौहान ने प्रदेश भर में टॉप कर जिले का नाम रोशन किया है।



दुगनाकुरी क्षेत्र के रीमा गांव निवासी कमल सिंह चौहान ने प्रतिदिन 7 से 8 घंटे पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।



विद्या भारती द्वारा संचालित इस विद्यालय के कुल 21 छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रबंधक और अभिभावकों ने इस सफलता का श्रेय संस्कार आधारित शिक्षा प्रणाली को दिया है।


विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्या भारती के स्कूलों में बचपन से ही अनुशासन, संस्कार और नैतिक शिक्षा पर बल दिया जाता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के परिणामों में देखने को मिल रहा है।

प्रबंध समिति और स्थानीय अभिभावकों ने यह भी सुझाव दिया कि सरकारी स्कूलों में भी विद्या भारती जैसी मूल्य आधारित शिक्षा को अपनाया जाए, जिससे बच्चों में न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता बल्कि चरित्र निर्माण भी सुनिश्चित किया जा सके।


