

स्थान -हरिद्वार

धार्मिक नगरी हरिद्वार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हर की पैड़ी के सामने शराब के नशे में धुत एक महिला ने मुख्य राजमार्ग को तमाशा-घर में तब्दील कर दिया। महिला ने बीच सड़क पर अजीबो-गरीब हरकतें करनी शुरू कर दीं, जिससे राहगीर, श्रद्धालु और स्थानीय लोग सभी परेशान नजर आए।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला राहगीरों का रास्ता रोक रही थी और कई लोगों से बहस व झगड़ा भी कर रही थी। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब महिला ने सड़क से गुजर रहे एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर भी अभद्र व्यवहार किया।


मौके पर मौजूद एक महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने स्थिति को संभालते हुए महिला को स्कूटी पर बैठा कर मौके से हटाया, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसके चलते आम जनता के साथ-साथ प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। धार्मिक स्थल और पर्यटन नगरी हरिद्वार में इस प्रकार की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की कमजोरी को उजागर कर रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर की पैड़ी जैसे संवेदनशील स्थान पर नशा करके इस तरह का बर्ताव न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है, बल्कि क्षेत्र की गरिमा को भी ठेस देता है।

प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे मामलों पर सख़्त कार्रवाई करते हुए नशे की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जाएं, ताकि धार्मिक और सामाजिक वातावरण को सुरक्षित रखा जा सके।



