

स्थान -नैनीताल

नैनीताल, 18 अप्रैल — आगामी पर्यटन सीजन को लेकर जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में नैनीताल क्लब सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, टैक्सी संगठन सहित अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्यटन सीजन के दौरान जिला प्रशासन सतर्क निगरानी रखेगा। इसके लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी तथा शिकायत नंबर भी जारी किया जाएगा, जिससे पर्यटक किसी भी प्रकार की असुविधा की स्थिति में सीधे शिकायत दर्ज कर सकेंगे।


बैठक में यह निर्णय लिया गया कि टैक्सी और होटल सेक्टर में ओवररेटिंग, अभद्र व्यवहार, तथा अन्य अनियमित गतिविधियों पर नजर रखने हेतु एक विशेष टास्क फोर्स गठित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पर्यटक वाहनों के दबाव को देखते हुए रानीबाग और गौलापार से बड़े वाहनों (बसों, टेंपो ट्रेवलर) की शटल सेवा शुरू करने का ट्रायल भी किया जाएगा।


महत्वपूर्ण निर्देश और योजनाएं:
- कंट्रोल रूम और टास्क फोर्स का गठन शीघ्र किया जाएगा।
- कैंची धाम बाइपास और मोटर पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।
- रुसी बाइपास को विकल्प के रूप में उपयोग में लाने और उसका सुदृढ़ीकरण कर मूलभूत सुविधाएं जैसे शौचालय, बिजली, पानी जल्द जुटाने के निर्देश।
- भीमताल, भवाली, कैंची जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए शटल सेवाएं चलाने पर सहमति बनी।
- अवैध टैक्सी संचालन, मेट्रोपोल में कूड़ा डंपिंग, तथा कूड़ा वाहनों से ट्रैफिक जाम जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चन्द्र, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, आरटीओ गुरदेव सिंह, होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
डीएम वंदना ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि इस पर्यटन सीजन में यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और स्मरणीय अनुभव मिले। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुव्यवस्थित यातायात और पर्यटक सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


