

स्थान:चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

चम्पावत, 17 अप्रैल

चम्पावत वन प्रभाग में इन दिनों फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा जंगलों को आग से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डी.एफ.ओ. नवीन पंत के आदेश तथा वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी के निर्देशन में फायर स्टेशन मोस्टा से लेकर मौन पोखरी तक सड़क किनारे गिरी सुखी लकड़ियों और पिरोल को एकत्र कर नष्ट किया गया।


यह कार्य वन दरोगा करन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में किया गया, जिनके साथ वन रक्षक राकेश कुमार दुमका, फायर वॉचर दिनेश तिवारी, जीवन शर्मा, पूरन आदि मौजूद रहे। अभियान के दौरान सड़क क्षेत्र में ज्वलनशील सामग्री को हटाकर वनाग्नि की संभावनाओं को कम किया गया।



वन दरोगा करन सिंह बिष्ट ने आमजन से अपील की कि वे इस क्षेत्र से गुजरते समय बीड़ी, सिगरेट, लाइटर और माचिस जैसी वस्तुओं का उपयोग न करें।उन्होंने बताया कि छोटी सी लापरवाही से घने जंगल चंद पलों में जलकर राख हो सकते हैं, जिनकी भरपाई में वर्षों लग जाते हैं।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी 15 जून तक फायर सीजन जारी रहेगा, इस दौरान लोगों को जंगल क्षेत्र में जाने से परहेज करना चाहिए। यह सावधानी किसी भी अप्रिय घटना से बचने में सहायक होगी।

वन विभाग ने आमजन से आह्वान किया है कि वनाग्नि की रोकथाम में हर व्यक्ति सहयोग करे, ताकि हमारे हरे-भरे जंगल सुरक्षित रह सकें।



