

नैनीताल

नैनीताल 10 अप्रैल 2025 सूवि।

कृषि विभाग नैनीताल द्वारा किसानों को जंगली जानवरों और आवारा पशुओं से फसलों के बचाव के लिए चैन लिंक घेरबाड़ योजना का शुभारंभ किया गया है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि कार्य में होने वाली समस्याओं से बचाना है और इसके परिणामस्वरूप बेहतर कृषि उत्पादन और ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन की दर को भी कम किया जा रहा है।



भद्यूनी विकास खंड, भीमताल की निवासी आनंदी देवी ने इस योजना के लाभ के बारे में बताया कि गांव की भूमि बहुत ऊपजाऊ है, लेकिन जंगली जानवरों के आतंक के कारण उनकी फसलों को काफी नुकसान होता था। इससे किसानों का मनोबल भी घटने लगा था।


इसके बाद, ग्रामीणों ने कृषि विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इसके परिणामस्वरूप कृषि विभाग के अधिकारियों ने गांव में सर्वेक्षण किया और चैन लिंक घेरबाड़ योजना के तहत घेरबाड़ कार्य शुरू किया।

आनंदी देवी ने कहा, “अब हमारे खेतों के चारों ओर तारबाड़ लगा हुआ है, जिससे जंगली जानवरों का आतंक समाप्त हो गया है। इसके अलावा, अब जो बंजर पड़े खेत थे, वे भी अब फल-फूल रहे हैं और हमें बेहतर आय प्राप्त हो रही है।

गांव भद्यूनी में इस योजना के तहत 3.22 लाख रुपये की लागत से 5 हैक्टेयर भूमि का उपचार किया गया है, और इसमें करीब 35 से अधिक लाभार्थी परिवार शामिल हैं। इस योजना से न केवल किसानों की समस्याएं हल हो रही हैं, बल्कि यह क्षेत्रीय विकास में भी एक महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।



