
स्थान – रानीखेत
रिपोर्ट – संजय जोशी
भाजपा स्थापना पखवाड़ा: बग्वालीपोखर में सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित
यूसीसी को बताया ऐतिहासिक कदम, संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर
रानीखेत (द्वाराहाट)। द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के बग्वालीपोखर स्थित रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना पखवाड़ा के अंतर्गत सक्रिय सदस्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।



सम्मेलन के मुख्य वक्ता दर्जा राज्य मंत्री कैलाश पंत ने प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय बताया तथा विश्वास जताया कि अन्य राज्य भी इसे अपनाएंगे।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट और जिला प्रभारी गोविंद पिल्खवाल ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है और हर क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।


पूर्व विधायक महेश नेगी और वरिष्ठ नेता अनिल शाही ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की धामी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और जनता को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन के दौरान नव नियुक्त जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती पर विशेष बल दिया और कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मदन मोहन कैड़ा, पूर्व जिला महामंत्री विनोद भट्ट, द्वाराहाट व चौखुटिया विधानसभा के मंडल अध्यक्ष सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह और संगठनात्मक एकता के माहौल में संपन्न हुआ।


