

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के रिंगोड़ा क्षेत्र में एक बड़ी वन तस्करी की घटना सामने आई है। बिजरानी रेंज के अंतर्गत तस्करों ने 6 बेशकीमती सागौन के बड़े पेड़ काटकर उन्हें अवैध रूप से ले जाने में सफलता पाई। इस घटना की जानकारी मिलते ही पार्क प्रशासन में हड़कंप मच गया।




कॉर्बेट प्रशासन के पार्क वार्डन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान रामनगर के एक आरा मशीन से सागौन की लकड़ी बरामद की गई, जो अवैध रूप से काटे गए पेड़ों की थी।


इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि इस तस्करी में आधे दर्जन से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। विभाग की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) टीम इस मामले में लगातार छापेमारी और निगरानी कर रही है।

यह घटना कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के इस हिस्से में वन तस्करी की पहली बड़ी घटना है, जिसमें तस्करों ने सीधे रिजर्व क्षेत्र में घुसकर पेड़ों को काटा और उन्हें बाहर ले जाने में कामयाबी पाई।यह न केवल वन सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक है, बल्कि यह दिखाता है कि तस्कर अब संरक्षित क्षेत्रों को भी नहीं छोड़ रहे हैं।
इस घटना के बाद बफर जोन सहित पूरे रिजर्व क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।




