लोहाघाट में प्रशासन ने अतिक्रमण पर की कार्रवाई, देवदार के पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्ती

लोहाघाट में प्रशासन ने अतिक्रमण पर की कार्रवाई, देवदार के पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्ती

स्थान- लोहाघाट चंपावत

लोहाघाट नगर के वीआईपी डाक बंगला रोड में देवदार बनी में किए गए अतिक्रमण पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर के निर्देश पर तहसीलदार लोहाघाट जगदीश नेगी के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने जेसीबी की मदद से पक्के और कच्चे अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।

एसडीएम नीतू डांगर ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि कुछ लोग देवदार के पेड़ों के बीच अतिक्रमण कर पक्के लेंटर डाल रहे थे, जिससे पेड़ों को काफी नुकसान हो रहा था। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटा दिया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। नगर की जनता ने एसडीएम और प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि देवदार के पेड़ लोहाघाट नगर की शान हैं, जिन्हें कुछ लोग अपने निजी फायदे के लिए नुकसान पहुंचा रहे थे।

एसडीएम नीतू डांगर ने चेतावनी देते हुए कहा कि नगर में किसी भी हालत में अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार बाराकोट हरीश नाथ, राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार, कौशल पुनेठा, गोविंद बल्लभ, प्रमोद महर, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, संजय जोशी, फायर कर्मी राजेश खर्कवाल सहित नगर पालिका, पुलिस, फायर विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद थी।