
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित करने की मांग को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में चल रहा आंदोलन 29वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के 29वें दिन पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने हल्द्वानी बाजार में जनजागरूकता रैली निकाली। इस दौरान आंदोलनकारियों ने गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के समग्र विकास और पलायन की समस्या के समाधान के लिए गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना आवश्यक है।

जागरूकता रैली के दौरान आंदोलनकारियों ने हल्द्वानी बाजार में लोगों को गैरसैंण राजधानी आंदोलन के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के वर्षों बाद भी उत्तराखंड की स्थायी राजधानी का प्रश्न पूरी तरह हल नहीं हो पाया है। आंदोलनकारियों के अनुसार किसी भी राज्य के संतुलित विकास के लिए स्थायी राजधानी का होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण उत्तराखंड की भौगोलिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ा हुआ है। ऐसे में राज्य सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करना चाहिए।




आंदोलनकारियों ने कहा कि गैरसैंण केवल एक स्थान का नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन की भावनाओं और पहाड़ के विकास की उम्मीदों का प्रतीक है। उन्होंने गैरसैंण को पहाड़ी राज्य उत्तराखंड की आत्मा बताते हुए कहा कि यदि सरकार का स्थायी संचालन पहाड़ी क्षेत्र से होगा तो दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को अधिक प्राथमिकता मिल सकेगी। आंदोलनकारियों का मानना है कि गैरसैंण में स्थायी राजधानी स्थापित होने से पहाड़ी क्षेत्रों में प्रशासनिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।


पहाड़ी आर्मी के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए 43 लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। राज्य आंदोलनकारियों ने एक ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां पहाड़ के लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य गठन के बाद भी पहाड़ी क्षेत्रों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोग अपने गांव छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने को पहाड़ के दीर्घकालिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राज्य आंदोलनकारी गोपाल दत्त कोठारी और हरीश पनेरू ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने लाठियां और गोलियां खाईं तथा अनेक संघर्ष किए। उनका सपना एक विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने का था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक की सरकारें राज्य आंदोलन की मूल भावनाओं और जनअपेक्षाओं को पूरा करने में सफल नहीं हो पाई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के भविष्य और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य आंदोलनकारियों को एक बार फिर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
जागरूकता रैली के दौरान राज्य आंदोलनकारी रामेश्वर शर्मा, ललित मोहन जीना, अनिल बहुगुणा, प्रेमा मेर और विनोद कुमार घड़ियाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार बढ़ता पलायन, रोजगार के सीमित अवसर और पहाड़ी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने से पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के सामने प्रमुखता से रखने में मदद मिल सकती है। वक्ताओं ने सरकार से राजधानी के मुद्दे पर स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की।



वहीं, आंदोलन के 29वें दिन पहाड़ी आर्मी की गीता बिष्ट और हरेंद्र राणा क्रमिक अनशन पर बैठे। दोनों आंदोलनकारियों ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनकारी आमरण अनशन शुरू करने के लिए भी मजबूर होंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए गैरसैंण को तत्काल स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग की।

जागरूकता रैली में जिलाध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल, कविता जीना, महेश तिवारी, अंजू पांडे, प्रेमा मेर, आनंद राम, देवेंद्र सयालाकोटी, मोहन पाठक, अनिल बहुगुणा, दीपा बोरा, ललित मोहन जीना, बसंती देवी, मोहन बोरा, सूबेदार रमेश रावत, आनंद कनियाल, कैलाश डालाकोटी, डीके दानी, दीपिका मांगोली, शशि सिंह, तारा पंडित, महेश भट्ट, मोहनी देवी, हयात सिंह रावत, शकुंतला और हरीश नाथ सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित किए जाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

