
लोकेशन-: रामनगर

विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क ने इस साल अपने राजस्व में ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कॉर्बेट प्रशासन ने 29 करोड़ 80 लाख रुपये की रिकॉर्ड कमाई की है, जो अब तक की सबसे बड़ी कमाई मानी जा रही है।


हर साल लाखों पर्यटक देश-विदेश से कॉर्बेट पार्क में प्रकृति और वन्यजीवों का दीदार करने आते हैं। इस साल 4 लाख 59 हजार 95 पर्यटक कॉर्बेट पार्क पहुंचे, जिनमें 4 लाख 48 हजार 95 भारतीय और 11,300 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पिछले साल 2023-24 में पार्क में 3 लाख 44 हजार 655 पर्यटक आए थे, जिनमें 3 लाख 35 हजार 475 भारतीय और 9,180 विदेशी पर्यटक शामिल थे।


कॉर्बेट पार्क ने इस साल पिछले साल की तुलना में 28% अधिक राजस्व अर्जित किया। 2023-24 में पार्क को 23 करोड़ 29 लाख रुपये की कमाई हुई थी, जबकि इस साल यह बढ़कर 29 करोड़ 80 लाख रुपये हो गई।


कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर डॉ. साकेत बडोला ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इस साल हमने रिकॉर्ड कमाई की है। इससे साफ जाहिर होता है कि लोग वन्यजीवों और प्रकृति की सुंदरता को देखने के लिए कॉर्बेट आना पसंद कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इस साल विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।

कॉर्बेट पार्क की बढ़ती लोकप्रियता से स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों को भी लाभ हुआ है। होटलों, गाइडों, जिप्सी चालकों और अन्य पर्यटन व्यवसायियों को इससे सीधा फायदा मिला है। इससे यह भी साबित होता है कि कॉर्बेट पार्क का बढ़ता पर्यटन उद्योग हजारों स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है, जो एक सकारात्मक संकेत है।


कॉर्बेट पार्क की शानदार जैव विविधता, बाघों के दीदार का सुनहरा मौका, ऐतिहासिक धरोहर जिम कॉर्बेट की विरासत, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम से इस पार्क की लोकप्रियता और बढ़ी है। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं और संरक्षण कार्यक्रमों का भी इस सफलता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।



